After Header-1

देहरादून जिला योजना समिति चुनाव: किसे मिला जीत का प्रमाण पत्र?

 देहरादून। जनपद देहरादून में जिला योजना समिति (डीपीसी) सामान्य निर्वाचन-2026 की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई है। 16 अक्टूबर को मतदान और मतगणना पूरी होने के बाद शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान और देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल ने नवनिर्वाचित सदस्यों को जीत के प्रमाण पत्र वितरित किए। इस दौरान अधिकारियों ने सभी निर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए जनपद के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

जिला योजना समिति के चुनाव में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। जिला पंचायत की सभी 10 सीटों और नगर निगम देहरादून की सभी 15 सीटों पर सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए। वहीं, विकासनगर, हरबर्टपुर और सेलाकुई के संयुक्त प्रादेशिक क्षेत्र की एक सीट पर भी निर्विरोध निर्वाचन हुआ।

इसके अलावा नगर निगम ऋषिकेश की दो सीटों तथा नगर पालिका परिषद डोईवाला और मसूरी की एक-एक सीट पर मतदान के बाद सदस्यों का निर्वाचन हुआ। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को प्रमाण पत्र सौंपे गए।

नगर निगम देहरादून की 15 सीटों पर रविन्द्र सिंह, भूपेन्द्र सिंह कठैत, नंदिनी शर्मा, संतोख सिंग नागपाल, वैभव अग्रवाल, सतीश कश्यप, विमल चन्द उनियाल, कपिल धर, आलोक कुमार, संजीत कुमार बंसल, पूजा नेगी, अमिता सिंह, मीनाक्षी मौर्या, प्रवीन सिंह नेगी और अशोक डोबरियाल निर्विरोध निर्वाचित हुए।

जिला पंचायत क्षेत्र की 10 सीटों पर अमिता राज, खुशबू गुरुंग, गोविन्द सिंह, दीवान सिंह, पिंकी रोहिला, रश्मि देवी, विजयलक्ष्मी, विनिता रतूड़ी, संजय किशोर और हुकम चन्द्र निर्विरोध चुने गए। विकासनगर, सेलाकुई और हरबर्टपुर के संयुक्त क्षेत्र से एल. शर्मा निर्वाचित हुए।

मतदान के बाद ऋषिकेश से राजेन्द्र सिंह बिष्ट और संध्या बिष्ट, डोईवाला से रियायत अली तथा मसूरी से पवन भलवाल ने जीत दर्ज की।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि जनपद के संतुलित विकास में जिला योजना समिति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सदस्यों से जनसमस्याओं के समाधान और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकास योजनाओं के प्रस्ताव तैयार करने का आह्वान किया।

महापौर सौरभ थपलियाल ने नगर निगम की सभी 15 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन पर सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नगर निगम क्षेत्र में बिना भेदभाव के विकास कार्यों को गति मिलेगी।

प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, संयुक्त मजिस्ट्रेट हर्षिता सिंह, एसडीएम अपूर्वा सिंह और जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.