After Header-1

श्रीनगर के रामलीला मैदान की बदलेगी तस्वीर, डॉ. रावत ने दिए ये निर्देश

श्रीनगर/देहरादून। कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रीनगर के रामलीला मैदान के सौंदर्यीकरण और अवस्थापना सुविधाओं को बेहतर बनाने की बात कही। साथ ही खिर्सू महाविद्यालय के निर्माण कार्यों का जायजा लेकर अधिकारियों को गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

रामलीला मैदान के निरीक्षण के दौरान डॉ. रावत ने कहा कि मैदान को बेहतर और भव्य स्वरूप दिया जाएगा। सौंदर्यीकरण के साथ जरूरी अवस्थापना सुविधाएं विकसित होने से यहां सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन में लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने को कहा।

इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने राजकीय महाविद्यालय खिर्सू के निर्माणाधीन भवन और छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी अधिकारियों से ली। डॉ. रावत ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

राजकीय महाविद्यालय खिर्सू में आयोजित प्रवेशोत्सव में डॉ. रावत ने नए छात्र-छात्राओं का स्वागत किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर लगातार काम किया जा रहा है।

भाजयुमो की ओर से आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में डॉ. रावत ने युवाओं के विचार और सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि युवाशक्ति देश की बड़ी ताकत है। युवाओं को अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का सकारात्मक इस्तेमाल राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए। उन्होंने नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील भी की।

कार्यक्रम में भाजपा और युवा मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.