After Header-1

मोदी के 25 साल पूरे, धामी ने काशी विश्वनाथ में की विशेष पूजा

उत्तरकाशी, 7 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तरकाशी स्थित पौराणिक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ से प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु और सफल जीवन की कामना की। साथ ही प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि के लिए भी प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री धामी बुधवार सुबह सेवा संकल्प अभियान के तहत उत्तरकाशी में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा और सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ करने पहुंचे। जोशियाड़ा हेलीपैड पर पहुंचने पर गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, किशोर भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान समेत पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

हेलीपैड से मुख्यमंत्री सीधे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ और शक्ति मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घ, स्वस्थ और यशस्वी सार्वजनिक जीवन के लिए भगवान शिव से आशीर्वाद मांगा। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की सुख-समृद्धि, जनपद के विकास और प्रदेशवासियों के कल्याण की भी कामना की।

पूजा के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और देश के विकास के प्रति समर्पण का दौर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व ने देश को नई दिशा और ऊर्जा देने का काम किया है।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना की कि भारत इसी तरह प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे और देशवासियों का जीवन और बेहतर हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र धरती से प्रधानमंत्री के स्वस्थ और सफल सार्वजनिक जीवन के लिए बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री रामलीला मैदान से सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम को प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा संकल्प से जोड़कर आयोजित किया जा रहा है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.