मुंबई, 7 अक्टूबर। अजय देवगन की क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने रिलीज के पांचवें दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया। सैकनिल्क के अनुसार, पांचवें दिन फिल्म ने करीब 19 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई 216.50 करोड़ रुपये पहुंच गई है।
फिल्म ने पहले दिन 62 करोड़ रुपये की शानदार ओपनिंग की थी। इसके बाद दूसरे दिन 53.50 करोड़, तीसरे दिन 61 करोड़ और चौथे दिन करीब 21 करोड़ रुपये का कारोबार किया। पांचवें दिन कलेक्शन में गिरावट जरूर दर्ज हुई, लेकिन फिल्म की कुल कमाई की रफ्तार पर इसका बड़ा असर नहीं पड़ा।
विदेशी बाजार में भी ‘दृश्यम 3’ को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। पांचवें दिन फिल्म ने विदेशों में करीब 9.50 करोड़ रुपये कमाए। इसके साथ फिल्म का विदेशी कलेक्शन 81.50 करोड़ रुपये हो गया है। भारत और विदेशों की कमाई को मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 341.30 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
फिल्म की शुरुआत अजय देवगन के लिए भी खास रही। 62 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ ‘दृश्यम 3’ ने उनके करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग दर्ज की और ‘सिंघम अगेन’ के 43.50 करोड़ रुपये के शुरुआती कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया।
अब फिल्म के सामने अजय देवगन की पिछली सफल फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को पार करने की चुनौती है। ‘सिंघम अगेन’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 268.35 करोड़ रुपये, जबकि ‘तन्हाजी: द अनसंग वॉरियर’ ने 279.59 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। ऐसे में आने वाले दिनों में ‘दृश्यम 3’ की कमाई पर सभी की नजर रहेगी।
अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अजय देवगन के साथ तब्बू, श्रिया सरन, जयदीप अहलावत और प्रकाश झा अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी और कलाकारों के प्रदर्शन को लेकर दर्शकों में लगातार दिलचस्पी बनी हुई है।
