मुंबई, 7 अक्टूबर। अभिनेत्री करीना कपूर खान अपने चर्चित शो ‘व्हाट वुमन वांट’ के नए सीजन के साथ वापसी करने जा रही हैं। शो का ट्रेलर जारी हो चुका है, जिसमें करीना कपूर कई चर्चित हस्तियों के साथ बातचीत करती दिखाई दे रही हैं। इस सीजन में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, नीतू कपूर, भावना पांडे और महीप कपूर समेत कई सितारे नजर आएंगे। हालांकि, ट्रेलर में मीरा राजपूत और अभिनेत्री कृति सेनन की मौजूदगी ने खासा ध्यान खींचा है।
शो के दौरान मीरा राजपूत पहली बार करीना कपूर के साथ औपचारिक बातचीत करती नजर आएंगी। दोनों की मुलाकात इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि करीना और शाहिद कपूर कभी बॉलीवुड की चर्चित जोड़ियों में शामिल रहे हैं। करीना ने पहले सोशल मीडिया पर मीरा के साथ तस्वीर साझा करते हुए उन्हें प्यारा और मिलनसार बताया था। वहीं, मीरा ने भी करीना की पोस्ट शेयर कर शो में आमंत्रित करने के लिए उनका आभार जताया था।
दूसरी ओर, कृति सेनन शो में अपने एक पुराने विज्ञापन को लेकर हुए विवाद पर बात करती दिखाई देंगी। ट्रेलर में कृति ने बताया कि जीवा के रक्षाबंधन अभियान से जुड़ा विवाद इतना बढ़ गया था कि यह मामला प्राइम-टाइम टेलीविजन तक पहुंच गया था।
दरअसल, रक्षाबंधन के मौके पर जारी किए गए विज्ञापन में कृति इंडो-वेस्टर्न परिधान में नजर आई थीं। विज्ञापन में वह अपने भाई और पालतू कुत्ते को राखी बांधती दिखाई दी थीं। विज्ञापन सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उनके पहनावे को लेकर सवाल उठाए और पारंपरिक त्योहार के दौरान कपड़ों को लेकर आलोचना की।
अब कृति सेनन ने इस पूरे मामले पर अपनी बात रखी है। करीना के शो में वह बताएंगी कि एक विज्ञापन को लेकर शुरू हुई सोशल मीडिया की चर्चा किस तरह बड़े विवाद में बदल गई। शो का नया सीजन मनोरंजन के साथ-साथ सेलिब्रिटी से जुड़े ऐसे अनसुने किस्सों और विवादों पर बातचीत को लेकर भी सुर्खियों में है।
