आइची-नगोया, 22 सितंबर। एशियाई खेल 2026 में भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने मंगलवार को रोमांचक मुकाबले में थाईलैंड को 3-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। पांच मैचों तक चले इस मुकाबले में भारतीय टीम ने दो बार पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की। अब क्वार्टर फाइनल में भारत का सामना उत्तर कोरिया से होगा।
भारत की जीत में यशस्विनी घोरपड़े ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने अपने दोनों मुकाबले जीतकर टीम की वापसी में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जबकि निर्णायक मैच में श्रीजा अकुला ने दबाव के बीच धैर्य बनाए रखते हुए भारत को जीत दिलाई।
पहले मुकाबले में श्रीजा अकुला को थाईलैंड की ओरोवान परानांग से कड़ी चुनौती मिली। श्रीजा ने शुरुआती दो गेम में 11-7 और 11-1 से जीत दर्ज कर बढ़त बनाई, लेकिन परानांग ने जोरदार वापसी करते हुए अगले तीन गेम 11-9, 11-6 और 12-10 से जीत लिए। इससे थाईलैंड ने 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।
दूसरे मुकाबले में यशस्विनी घोरपड़े ने सुथासिनी सावेत्ताबुत को 3-2 से हराकर भारत को बराबरी पर ला दिया। यशस्विनी ने 11-8, 5-11, 7-11, 11-9, 11-9 से जीत दर्ज की।
तीसरे मुकाबले में थाईलैंड की जिन्निपा सावेत्ताबुत ने दिया चितले को 3-2 से हराकर अपनी टीम को फिर 2-1 की बढ़त दिला दी। इसके बाद भारत की नजरें यशस्विनी पर थीं। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओरोवान परानांग को सीधे गेमों में 11-5, 11-8, 11-9 से हराया और मुकाबला 2-2 से बराबर कर दिया।
निर्णायक मुकाबले में श्रीजा अकुला के सामने सुथासिनी सावेत्ताबुत थीं। श्रीजा ने पहला गेम 9-11 से गंवाया, लेकिन इसके बाद शानदार वापसी करते हुए लगातार तीन गेम 11-6, 12-10 और 11-8 से जीत लिए। उनकी 3-1 की जीत के साथ भारत ने मुकाबला 3-2 से अपने नाम कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।