कछार। असम के कछार जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ रुपये की संदिग्ध याबा टैबलेट बरामद की हैं। विशेष सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 10 हजार संदिग्ध याबा टैबलेट बरामद हुईं, जिनका कुल वजन करीब 1.309 किलोग्राम बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित की पहचान कैलैन थाना क्षेत्र के भोइरबपुर पार्ट-I निवासी जयरुल इस्लाम के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना मिलने के बाद गुमराह बाजार इलाके में अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान युवक के पास मौजूद लाल रंग के कैरी बैग से बड़ी संख्या में टैबलेट बरामद हुईं। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में इन्हें याबा टैबलेट होने का संदेह जताया है। बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि बरामद याबा टैबलेट की अनुमानित बाजार कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ मिलने के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कछार के किस इलाके या अन्य स्थान पर पहुंचाया जाना था।
अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपित पहले से किसी तस्करी गिरोह से जुड़ा था या उसके जरिए किसी बड़े नेटवर्क तक पहुंच बनाई जा सकती है।