ऋषिकेश। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ धाम यात्रा के दूसरे चरण को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यात्रा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के साथ ही यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने व्यवस्थाओं की समीक्षा शुरू कर दी है। शनिवार को ऋषिकेश स्थित बीकेटीसी के ट्रांजिट कैंप कार्यालय सभागार में अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक आयोजित हुई।
बैठक की शुरुआत भगवान बदरीविशाल और भगवान केदारनाथ की स्तुति के साथ हुई। इसके बाद विशेष आमंत्रित सदस्यों का स्वागत किया गया। बैठक में पिछली बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णयों की अनुपालन रिपोर्ट की समीक्षा की गई। इसके बाद निर्धारित एजेंडे पर चर्चा करते हुए आगामी यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों और सदस्यों से जानकारी ली गई।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि श्री बदरीनाथ और केदारनाथ धाम की यात्रा के दूसरे चरण के लिए समिति स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यात्रियों की सुविधा, व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन और धामों में बेहतर प्रबंधन को लेकर आवश्यक तैयारियों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में यात्रा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही मंदिर समिति की प्रशासनिक और अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। बोर्ड सदस्यों ने यात्रा के दौरान आने वाली संभावित चुनौतियों और उनके समाधान को लेकर अपने सुझाव रखे।
बैठक में बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, उपाध्यक्ष विजय कप्रवान, सदस्य नीलम पुरी, राजपाल सिंह जड़धारी, महेंद्र शर्मा, दिनेश डोभाल, विनीत पोस्ती, प्रह्लाद पुष्पवान, देवी प्रसाद दैवली, राजेंद्र डिमरी, धीरज पंचभैया, राकेश भंडारी, कमला बगवाड़ी, जेपी सेमवाल, राजकुमार तिवारी और रजनीश भट्ट सहित मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, वित्त नियंत्रक हेम कांडपाल, अधिशासी अभियंता विपिन तिवारी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजन नैथानी, एसएस बर्त्वाल, नोडल अधिकारी राकेश सेमवाल, डॉ. हरीश गौड़, अतुल डिमरी, संजय भट्ट, विश्वनाथ और दीपेंद्र रावत मौजूद रहे।