देहरादून। प्राविधिक शिक्षा विभाग को नौ नए कर्मशाला अधीक्षक मिल गए हैं। राज्य लोक सेवा आयोग के माध्यम से चयनित इन अभ्यर्थियों को तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने शासकीय आवास पर नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर मंत्री ने सभी नवनियुक्त कर्मशाला अधीक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनसे विभागीय दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करने की अपेक्षा जताई।
राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थानों के लिए चयनित कर्मशाला अधीक्षकों में शिवानी पोखरियाल, नीलू, शिखा वर्मा, नवजोत, रवि जोशी, अरुण तोमर, नीरज कुमार डंडरियाल, अभिषेक सिंह नेगी और नीलमणि शामिल हैं। सभी चयनित अभ्यर्थियों को प्रदेश के विभिन्न राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थानों में नियुक्ति दी गई है।
नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि तकनीकी शिक्षा को मजबूत करने में राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इन संस्थानों में विद्यार्थियों को सैद्धांतिक शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक और तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया जाता है। ऐसे में कर्मशाला अधीक्षकों की नियुक्ति से विभिन्न इंजीनियरिंग विभागों की कार्यशालाओं का संचालन और अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि कार्यशालाओं के सुचारू संचालन से छात्र-छात्राओं को बेहतर प्रयोगात्मक प्रशिक्षण प्राप्त होगा। इससे विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग विषयों की व्यावहारिक समझ विकसित करने, तकनीकी कौशल को मजबूत करने और वास्तविक परिस्थितियों में समस्याओं का समाधान करने की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
मंत्री ने नवनियुक्त कर्मशाला अधीक्षकों से कहा कि वे अपने पद की जिम्मेदारियों को पूरी गंभीरता के साथ निभाएं और विद्यार्थियों के हित को प्राथमिकता दें। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी चयनित अभ्यर्थी अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने में योगदान देंगे।
नई नियुक्तियों से प्रदेश के राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थानों में व्यावहारिक प्रशिक्षण व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।