कांग्रेस की नई रणनीति तैयार, शैलजा ने कार्यकर्ताओं को दिया बड़ा टास्क

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस ने आगामी चुनावों की तैयारियों को तेज करते हुए संगठन को बूथ और विधानसभा स्तर तक मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में उत्तराखंड प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, सांसद कुमारी शैलजा और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने विभिन्न फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक की। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की गई।

कुमारी शैलजा ने पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी संगठन, विभाग और प्रकोष्ठ जल्द अपनी कार्यकारिणी का गठन करें। उन्होंने कहा कि पदाधिकारी केवल संगठनात्मक बैठकों तक सीमित न रहें, बल्कि प्रदेशभर में दौरा कर जनता के बीच सक्रियता बढ़ाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाने का आह्वान किया।

शैलजा ने कहा कि कांग्रेस को दलितों के साथ कथित अन्याय, महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान, बढ़ती बेरोजगारी तथा युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को अपनी समस्या मानकर उनके समाधान के लिए संघर्ष करें और लोगों से सीधा संवाद स्थापित करें।

इसके बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्षों, महामंत्रियों और सचिवों की बैठक भी हुई। इसमें शैलजा ने कहा कि आम जनता, युवा, किसान, मजदूर, महिलाएं और गरीब वर्ग सरकार की नीतियों से परेशान हैं। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस जल्द ही जिलों, महानगरों और विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रभारी नियुक्त करेगी। इन प्रभारियों को स्थानीय वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर संगठन को एकजुट करने तथा आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए जाएंगे।

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि चुनाव केवल नेताओं के प्रयास से नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की एकजुट मेहनत से जीते जाते हैं। उन्होंने पदाधिकारियों से अनुशासन और पूरी निष्ठा के साथ संगठन के लिए काम करने का आह्वान किया।

गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार के फैसलों और नीतियों का तथ्यात्मक तरीके से विरोध करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की आवाज बनें। उन्होंने गांव-गांव, बूथ-बूथ और विधानसभा स्तर तक पहुंचकर कांग्रेस की नीतियों एवं विचारधारा को लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। बैठक में सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और विभिन्न संगठनों के अध्यक्ष मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.