सीएम धामी ने देखी ‘हनुमान अंश’, नीम करौली बाबा की भक्ति ने किया भावुक

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल के सिनेमा हॉल में आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। यह फिल्म प्रसिद्ध संत एवं आध्यात्मिक विभूति नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी भक्ति, सेवा भावना और आध्यात्मिक यात्रा से प्रेरित है। इस दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक प्रदीप बत्रा समेत कई दायित्वधारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने सदैव समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है। नीम करौली बाबा का जीवन भी इसी महान परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि बाबा की भक्ति, मानव सेवा और सभी के प्रति प्रेम का संदेश आज भी प्रासंगिक है और समाज को सकारात्मक दिशा देने की क्षमता रखता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि महान संतों और आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि भी है। नीम करौली बाबा का कैंची धाम देश-दुनिया में श्रद्धा और आस्था के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित हो चुका है। ऐसे संतों के जीवन और विचारों को फिल्मों एवं अन्य रचनात्मक माध्यमों से जन-जन तक पहुंचाना भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों को नई पीढ़ी से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।

उन्होंने कहा कि ‘हनुमान अंश’ में भक्ति, सेवा, प्रेम, करुणा, विनम्रता और लोककल्याण जैसे मानवीय मूल्यों को प्रमुखता दी गई है। फिल्म के माध्यम से नीम करौली बाबा की आध्यात्मिक यात्रा और उनके जीवन से जुड़े प्रेरणादायी पहलुओं को सामने लाने का प्रयास किया गया है।

धामी ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और संत परंपरा पर आधारित सकारात्मक फिल्में समाज में सेवा, संस्कार और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक होती हैं।

उल्लेखनीय है कि फिल्म ‘हनुमान अंश’ का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। इसमें शोभिनव सतैया सहित अन्य कलाकारों ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म 7 अगस्त 2026 को हिंदी में देशभर में रिलीज हुई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.