देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कुंवावाला, देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 137वां संस्करण सुना। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने वाला प्रभावी माध्यम बन चुका है। इसके जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों और उनके अभिनव प्रयासों को देश-दुनिया के सामने पहचान मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम में युवाओं को नशे से दूर रखने और ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ के संकल्प को जन-आंदोलन बनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही सशक्त और विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार कर सकते हैं। प्रधानमंत्री के इस आह्वान से युवाओं में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के साथ स्वस्थ और सकारात्मक युवा शक्ति को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने भारत के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास युवाओं को देश के समृद्ध इतिहास से जोड़ते हैं और उनमें अपनी संस्कृति, परंपराओं तथा विरासत के प्रति गौरव की भावना मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों में आम नागरिकों द्वारा किए जा रहे असाधारण कार्यों, नवाचारों और जनभागीदारी की पहल को राष्ट्रीय पहचान दे रहे हैं। इससे अन्य लोगों को भी अपने क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा मिलती है।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर नशामुक्त, स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, धन सिंह रावत, मदन कौशिक, भरत चौधरी समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।