मुंबई। अभिनेता यश और कियारा आडवाणी की फिल्म ‘टॉक्सिक’ रिलीज के बाद से ही चर्चा में है। फिल्म में दिखाए गए कुछ बोल्ड और अंतरंग दृश्यों को लेकर सोशल मीडिया पर बहस और ट्रोलिंग का दौर जारी है। पहले कियारा आडवाणी को निशाना बनाया गया था, लेकिन अब कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके पति और अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा के सोशल मीडिया अकाउंट पर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां करनी शुरू कर दी हैं।
हाल ही में सिद्धार्थ मल्होत्रा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक विज्ञापन से जुड़ा वीडियो साझा किया। पोस्ट के कमेंट सेक्शन में कुछ यूजर्स ने ‘टॉक्सिक’ का जिक्र करते हुए अभिनेता को ट्रोल करना शुरू कर दिया। कई टिप्पणियों में कियारा आडवाणी और यश के बीच फिल्माए गए दृश्यों को लेकर निजी और अनुचित बातें लिखी गईं।
कुछ यूजर्स ने दोनों कलाकारों के निजी रिश्तों को लेकर भी बिना आधार के टिप्पणियां कीं। इस तरह की प्रतिक्रियाओं को सोशल मीडिया पर निजी जिंदगी में अनावश्यक दखल के तौर पर देखा जा रहा है।
गाने की रिलीज पर भी हुई थी ट्रोलिंग
फिल्म के गाने ‘तबाही’ की रिलीज के समय भी कियारा आडवाणी को सोशल मीडिया पर आलोचना और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। गाने में यश और कियारा के कुछ अंतरंग दृश्य दिखाए गए थे। इसके बाद सोशल मीडिया के एक वर्ग ने अभिनेत्री को निशाना बनाया था। फिल्म रिलीज होने के बाद एक बार फिर यह मुद्दा चर्चा में आ गया है और अब इसका असर सिद्धार्थ मल्होत्रा के सोशल मीडिया अकाउंट तक पहुंच गया है।
बॉक्स ऑफिस को लेकर भी चर्चा
‘टॉक्सिक’ के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन को लेकर भी सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। फिल्म ने रिलीज के पहले दिन अच्छी शुरुआत की, लेकिन इसके बाद कमाई में गिरावट की चर्चा है। दर्शकों की प्रतिक्रिया भी मिली-जुली रही है। कुछ लोगों ने यश की स्क्रीन प्रेजेंस की तारीफ की, जबकि कुछ दर्शकों ने कहानी और प्रस्तुति पर सवाल उठाए हैं।
फिल्म के समर्थकों का कहना है कि कलाकारों के पेशेवर काम और उनके निजी जीवन को अलग-अलग नजरिए से देखा जाना चाहिए। किसी फिल्म के दृश्य के आधार पर कलाकार या उनके परिवार को व्यक्तिगत रूप से निशाना बनाना उचित नहीं है।
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक’ में यश और कियारा आडवाणी के अलावा हुमा कुरैशी और नयनतारा भी अहम भूमिकाओं में हैं।