महिंद्रा की नई पिकअप से बदलेगा खेल, 2027 में ग्लोबल मार्केट में होगी एंट्री

नई दिल्ली। भारतीय ऑटोमोबाइल कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा अब अपने नए लाइफस्टाइल पिकअप के जरिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी में है। कंपनी इस पिकअप को दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, मिडिल ईस्ट और लैटिन अमेरिका जैसे प्रमुख बाजारों में उतारने की योजना बना रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसे ‘महिंद्रा लाइफस्टाइलर’ नाम से पेश किए जाने की संभावना है और इसका लॉन्च अप्रैल 2027 तक किया जा सकता है।

कंपनी के ऑटो और फार्म सेक्टर के ईडी एवं सीईओ राजेश के मुताबिक, नया पिकअप एक वैश्विक प्लेटफॉर्म पर विकसित किया गया है। महिंद्रा की नजर उन बाजारों पर भी है, जहां पिकअप वाहनों की मांग लगातार मजबूत बनी हुई है। कंपनी आसियान क्षेत्र के देशों में भी इस मॉडल को उतारने की संभावनाओं पर विचार कर रही है।

महिंद्रा का नया पिकअप सिर्फ विदेशी बाजारों को ध्यान में रखकर तैयार नहीं किया गया है। भारत में भी एडवेंचर, ऑफ-रोडिंग और कैंपिंग जैसी गतिविधियों का चलन बढ़ रहा है। ऐसे ग्राहकों को ध्यान में रखते हुए लाइफस्टाइल पिकअप कंपनी के लिए घरेलू बाजार में भी महत्वपूर्ण मॉडल साबित हो सकता है।

कंपनी ने हाल के वर्षों में इलेक्ट्रिक वाहन सेगमेंट में भी अपनी स्थिति मजबूत की है। पिछले करीब 16-17 महीनों में महिंद्रा की कुल एसयूवी बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी शून्य से बढ़कर करीब 12 प्रतिशत हो गई है।

वित्त वर्ष 2025-26 में महिंद्रा ने 57,472 इलेक्ट्रिक चार-पहिया वाहन बेचे। यह बिक्री पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले करीब चार गुना अधिक रही। कंपनी की इलेक्ट्रिक एसयूवी बीई 6, एक्सईवी 9ई और एक्सईवी 9एस को बाजार में अच्छी प्रतिक्रिया मिलने के बाद अब कंपनी अपनी ईवी रणनीति को और विस्तार देने की तैयारी कर रही है।

महिंद्रा इस महीने के अंत तक बीई 6 स्पोर्टेक को भी बाजार में उतारने की योजना बना रही है। लाइफस्टाइल पिकअप और नए इलेक्ट्रिक मॉडल के जरिए कंपनी एक ओर वैश्विक बाजार में विस्तार करना चाहती है, वहीं दूसरी ओर भारत में तेजी से बदलती ग्राहकों की पसंद के अनुरूप अपने पोर्टफोलियो को मजबूत कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.