ताशकंद में PM मोदी का जोरदार स्वागत, राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने गले लगाकर दिखाई दोस्ती

ताशकंद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत खास अंदाज में हुआ। उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव खुद प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी के लिए एयरपोर्ट पहुंचे। दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने पीएम मोदी को गले लगाकर गर्मजोशी दिखाई।

स्वागत के बाद दोनों नेता एक ही कार में सवार होकर आगे के कार्यक्रमों के लिए रवाना हुए। इस दौरान दोनों देशों के बीच मजबूत होते संबंधों और दोनों नेताओं के बीच बेहतर व्यक्तिगत तालमेल की झलक देखने को मिली।

प्रधानमंत्री मोदी ने भी सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर तस्वीरें साझा कर राष्ट्रपति मिर्जियोयेव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ताशकंद में मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए वह उज्बेक राष्ट्रपति के आभारी हैं। पीएम मोदी ने बताया कि यह उज्बेकिस्तान की उनकी चौथी यात्रा है, जो दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों की बढ़ती गहराई और गति को दर्शाती है।

एयरपोर्ट से रवाना होने के बाद पीएम मोदी और राष्ट्रपति मिर्जियोयेव यांगी उज्बेकिस्तान पार्क पहुंचे। यहां प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर उज्बेकिस्तान के इतिहास और स्वतंत्रता संघर्ष को श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रपति मिर्जियोयेव इस दौरान उनके साथ मौजूद रहे और स्मारक के महत्व की जानकारी दी।

प्रधानमंत्री की इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी। इसमें व्यापार, सुरक्षा, तकनीक, कनेक्टिविटी और आर्थिक सहयोग समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। भारत मध्य एशिया में कारोबार के अवसर बढ़ाने और आतंकवाद व कट्टरपंथ जैसी सुरक्षा चुनौतियों से मिलकर निपटने पर भी जोर देगा।

यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ताशकंद स्थित पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके अलावा वह ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज में स्थित महात्मा गांधी सेंटर का दौरा कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।

उज्बेकिस्तान यात्रा के बाद पीएम मोदी किर्गिज गणराज्य के लिए रवाना होंगे, जहां वह 26वें शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस सम्मेलन का आयोजन संगठन की स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर किया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.