नेपाल में फंसे 100 से ज्यादा तमिल नागरिक, चेन्नई से दिल्ली तक तेज हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन

चेन्नई, 28 अगस्त । नेपाल में आई भीषण बाढ़ के कारण फंसे 100 से अधिक तमिल नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने के लिए तमिलनाडु सरकार ने राहत और बचाव प्रयास तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर चार मंत्रियों का दल दिल्ली पहुंचा है, जबकि तमिलनाडु भवन के अतिरिक्त आयुक्त आशीष कुमार के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम काठमांडू के लिए रवाना हो गई है।

नेपाल के रसुवा जिले में बुधवार को भोटेकोशी नदी में अचानक आई बाढ़ के कारण कई सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त हो गए। इस वजह से कैलाश मानसरोवर यात्रा और पर्यटन के लिए नेपाल पहुंचे तमिलनाडु के 100 से ज्यादा लोग विभिन्न स्थानों पर फंस गए हैं। उनके सुरक्षित रेस्क्यू और स्वदेश वापसी को लेकर तमिलनाडु सरकार लगातार केंद्र सरकार और नेपाल में भारतीय दूतावास के संपर्क में है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर मंत्री आद अर्जुना, राजमोहन, तेननारसु और विनोद दिल्ली पहुंचे। चारों मंत्रियों ने दिल्ली स्थित तमिलनाडु भवन में देर रात करीब एक बजे आपात बैठक की। बैठक में दिल्ली में तैनात वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान नेपाल में फंसे तमिल नागरिकों की मौजूदा स्थिति, अब तक सुरक्षित निकाले गए लोगों की संख्या, लापता लोगों और स्वदेश लौटने के इच्छुक यात्रियों से जुड़ी जानकारी पर चर्चा की गई।

अधिकारियों ने मौके से प्राप्त व्हाट्सऐप वॉयस रिकॉर्डिंग और अन्य सूचनाओं के आधार पर जमीनी हालात की जानकारी मंत्रियों के साथ साझा की। सरकार का प्रयास है कि नेपाल में फंसे प्रत्येक तमिल नागरिक तक संपर्क स्थापित कर उसकी स्थिति का पता लगाया जाए।

तमिलनाडु सरकार ने स्थिति की सीधे निगरानी के लिए अधिकारियों की विशेष टीम काठमांडू भेजी है। टीम नेपाल सरकार और भारतीय दूतावास के अधिकारियों के साथ समन्वय कर बचाव अभियान को गति देने का प्रयास करेगी।

फंसे लोगों और उनके परिजनों की मदद के लिए राज्य सरकार ने 24 घंटे नियंत्रण कक्ष और आपातकालीन हेल्पलाइन भी शुरू की है। जरूरत पड़ने पर दिल्ली में मौजूद मंत्रियों के नेपाल जाने की संभावना पर भी विचार किया जा रहा है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.