वंदे भारत पर अचानक बरसे पत्थर, ट्रेन में सवार थे राज्यपाल और बड़े अधिकारी

मुंबई से अहमदाबाद जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर मंगलवार शाम पथराव की घटना से यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना सूरत रेलवे स्टेशन से ट्रेन के रवाना होने के बाद उत्तराण और कोसाड के बीच शाम करीब 6.30 से 6.45 बजे के बीच बताई जा रही है। संयोग से ट्रेन में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव के प्रशासक प्रफुल्ल पटेल भी मौजूद थे। दोनों के एक्जीक्यूटिव कोच में यात्रा करने के कारण वे सुरक्षित रहे। घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, वंदे भारत एक्सप्रेस उत्तराण क्षेत्र के पास से गुजर रही थी, तभी अज्ञात लोगों ने ट्रेन पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। पथराव की जानकारी तत्काल रेलवे पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही संबंधित रेलवे पुलिस अधिकारियों के साथ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ कर पथराव के पीछे की वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ट्रेन को निशाना बनाने का उद्देश्य क्या था।

गुजरात दौरे पर हैं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल इन दिनों गुजरात के साथ दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव के दौरे पर हैं। इसी क्रम में उन्होंने वापी से अहमदाबाद तक वंदे भारत एक्सप्रेस से यात्रा की। यात्रा के दौरान उन्होंने अभिनेता अनंग देसाई सहित अन्य यात्रियों से मुलाकात की और विभिन्न विषयों पर चर्चा की। प्रशासक प्रफुल्ल पटेल भी उनके साथ मौजूद थे।

दौरे के दौरान राज्यपाल ने सिलवासा स्थित नमो मेडिकल हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और न्यूमैटिक ट्यूब प्रणाली की जानकारी ली तथा मरीजों और मेडिकल छात्रों से संवाद किया। इसके अलावा उन्होंने स्वामी विवेकानंद विद्या मंदिर स्कूल का दौरा कर शैक्षणिक सुविधाओं का जायजा लिया।

फिलहाल पुलिस पथराव मामले की जांच में जुटी है। संदिग्ध से पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.