वंदे मातरम् पर सियासत तेज, महेंद्र भट्ट ने हरदा को दी नसीहत- कार्यकर्ताओं को करें प्रेरित

देहरादून। वंदे मातरम् को लेकर जारी राजनीतिक बहस के बीच उत्तराखंड भाजपा ने कांग्रेस के रुख पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर राष्ट्रगीत के मुद्दे को लेकर विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् के इतिहास, भावार्थ और गौरवशाली विरासत को आम जनता तक पहुंचाने के लिए भाजपा जनजागरण अभियान चलाएगी।

महेंद्र भट्ट ने भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति में पारित प्रस्ताव का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी का उद्देश्य राष्ट्रगीत के प्रति लोगों में सम्मान और जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् देश के स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रीय चेतना से जुड़ा महत्वपूर्ण गीत है। इसके ऐतिहासिक महत्व को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने वंदे मातरम् को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की ओर से जताई गई चिंता पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हरीश रावत वरिष्ठ नेता हैं और उन्हें अपने राजनीतिक कार्यकर्ताओं को राष्ट्रगीत के सम्मान के लिए प्रेरित करना चाहिए। भट्ट ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति किसी कारण से फिलहाल वंदे मातरम् का पूर्ण राष्ट्रगीत नहीं गा सकता है, तो कम से कम कानून के मुताबिक राष्ट्रगीत का सम्मान जरूर किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत के सम्मान को राजनीतिक विवाद का विषय बनाने के बजाय सभी राजनीतिक दलों को इस विषय पर सकारात्मक वातावरण तैयार करना चाहिए। भाजपा का मानना है कि वंदे मातरम् के इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में इसकी भूमिका को लेकर व्यापक स्तर पर जनजागरूकता की जरूरत है।

भट्ट ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्रदेशभर में राष्ट्रगीत के इतिहास, महत्व और उसकी गौरवशाली परंपरा को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए विभिन्न स्तरों पर जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

भाजपा नेता ने कांग्रेस के रुख की आलोचना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों और राष्ट्रभावना से जुड़े विषयों को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् के प्रति सम्मान देश की राष्ट्रीय चेतना और स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत से जुड़ा विषय है।

इस बयान के बाद उत्तराखंड में वंदे मातरम् को लेकर राजनीतिक बहस और तेज होने के संकेत हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.