आधी रात को अचानक फैली जहरीली गैस, 40 लोग पहुंचे अस्पताल

मुंबई, 24 अगस्त । महाराष्ट्र के नागपुर में क्लोरीन गैस लीक होने से हड़कंप मच गया। गोधनी नगर पंचायत के फागुजी नगर स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में रविवार देर रात करीब 12:30 बजे रिजर्व क्लोरीन सिलेंडर से अचानक गैस का रिसाव शुरू हो गया। देखते ही देखते गैस आसपास के इलाके में फैल गई। इसके संपर्क में आने से करीब 40 लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें तीन मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही नागपुर फायर विभाग, पुलिस और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंचीं। एहतियात के तौर पर प्लांट के आसपास करीब 200 मीटर के इलाके को सील कर दिया गया और लोगों की आवाजाही रोक दी गई। पुलिस और राहत दलों ने आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

राहत एवं बचाव अभियान में जुटे एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट में क्लोरीन गैस के दो सिलेंडर रखे हुए थे। इनमें से एक सिलेंडर इस्तेमाल किया जा रहा था, जबकि दूसरा रिजर्व में रखा था। रात करीब साढ़े 12 बजे रिजर्व सिलेंडर से अचानक गैस लीक होने लगी। कुछ ही समय में गैस प्लांट के आसपास के इलाके में फैल गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद तत्काल इलाके को खाली कराने का अभियान शुरू किया गया। गैस से प्रभावित लोगों को गोधनी रोड स्थित मैक्स हॉस्पिटल, मेयो हॉस्पिटल और स्पर्श हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। इनमें से तीन मरीजों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें आईसीयू में उपचार दिया जा रहा है।

गैस रिसाव को रोकने के लिए एनडीआरएफ की टीम ने मौके पर मोर्चा संभाला। टीम ने लीकेज को नियंत्रित करने का प्रयास किया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम भी प्रभावित इलाके में पहुंची और घर-घर जाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच की।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जिस समय गैस का रिसाव हुआ, उस समय प्लांट में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। ऐसे में प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था, रात में कर्मचारियों की अनुपस्थिति और क्लोरीन सिलेंडर की निगरानी एवं हैंडलिंग को लेकर सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन की ओर से घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.