उत्तरकाशी। जिले के युवाओं को सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिलाने और खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने को लेकर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल तथा खेल विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि युवाओं से जुड़ी सभी योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की ओर से युवाओं के विकास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए संचालित योजनाओं का वास्तविक लाभ जमीनी स्तर पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। योजनाओं की नियमित निगरानी के साथ उनकी प्रगति की जानकारी भी समय-समय पर उपलब्ध कराने को कहा गया।
बैठक में डीएम ने खेलो इंडिया, मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना, खेल महाकुंभ, युवा महोत्सव और व्यावसायिक प्रशिक्षण समेत विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बाल खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ छात्रवृत्ति का भुगतान निर्धारित समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए प्रतिभा खोज अभियानों में तेजी लाई जाए। इसके लिए ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में भी गतिविधियां संचालित की जाएं, ताकि किसी प्रतिभाशाली युवा को केवल भौगोलिक दूरी के कारण अवसर से वंचित न होना पड़े।
उन्होंने सीमांत जिले की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सरकारी योजनाओं और खेल गतिविधियों का विस्तार दूरस्थ क्षेत्रों तक करने पर विशेष जोर दिया। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं की जानकारी युवाओं तक पहुंचाने के लिए स्थानीय स्तर पर प्रभावी प्रचार-प्रसार किया जाए और पात्र युवाओं को आवेदन से लेकर लाभ मिलने तक आवश्यक सहयोग दिया जाए।
बैठक में युवा कल्याण अधिकारी विजय प्रताप भंडारी, प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी निधि बिंजोला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।