कोलकाता। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रामपुरहाट में तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बंद्योपाध्याय की रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। उनका शव रामपुरहाट शहर स्थित उनके आवास से सटे पार्टी कार्यालय में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी सामने आते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह कुछ लोगों की नजर पार्टी कार्यालय की खिड़की से अंदर गई, जहां आशीष बंद्योपाध्याय फंदे से लटके दिखाई दिए। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटनास्थल से कथित तौर पर एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। हालांकि, नोट में क्या लिखा है, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
आशीष बंद्योपाध्याय का आवास रामपुरहाट के पांच नंबर वार्ड के हाटतला पाड़ा इलाके में बताया गया है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को कई पार्टी नेता और कार्यकर्ता उनसे मिलने पहुंचे थे। इसके बाद रविवार सुबह उनकी मौत की खबर सामने आने से कई तरह के सवाल उठने लगे हैं।
‘मास्टरमशाई’ के नाम से लोकप्रिय आशीष बंद्योपाध्याय लंबे समय तक क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय रहे। 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्हें रामपुरहाट सीट पर भाजपा प्रत्याशी ध्रुव साहा के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। चुनाव में पराजय के बाद उनकी राजनीतिक सक्रियता पहले की तुलना में कम हो गई थी।
इस बीच, हाल में सामने आए एक कथित भ्रष्टाचार मामले में भी उनका नाम चर्चा में आया था। हालांकि, उनकी मौत और इस मामले के बीच कोई संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।