परेड ग्राउंड में सजेगा आजादी का महापर्व, सीएम धामी करेंगे ध्वजारोहण

देहरादून। राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 15 अगस्त को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह को भव्य, अनुशासित और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सुबह 10 बजे मुख्य मंच पर ध्वजारोहण करेंगे।

बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल ने परेड ग्राउंड पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने समारोह से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा, यातायात, बैठने की व्यवस्था, मंच, परेड और अन्य तैयारियों की समीक्षा की।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में पुलिस, अर्धसैनिक बल, होमगार्ड, एनसीसी और प्रांतीय रक्षक दल की टुकड़ियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। पुलिस बैंड की धुन के बीच विभिन्न टुकड़ियां राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देंगी। समारोह के दौरान अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान रखा जाएगा।

प्रशासन की ओर से 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ भी मनाया जाएगा। इस अवसर पर वर्ष 1947 के विभाजन के पीड़ितों को कार्यक्रम में आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य विभाजन के दौरान लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा और संघर्ष को याद करना है।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (एफआर) केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश चंद्र तिवारी, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम विनोद कुमार और पीडी विक्रम सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

लोक निर्माण विभाग, एमडीडीए, पर्यटन, उद्यान, पूर्ति समेत अन्य विभागों के अधिकारियों ने भी समारोह से संबंधित तैयारियों की जानकारी दी। प्रशासन का प्रयास है कि 15 अगस्त का राज्य स्तरीय कार्यक्रम गरिमा, उत्साह और उमंग के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो।

Leave A Reply

Your email address will not be published.