सीएम धामी का बड़ा ऐलान, अब सरकारी नीतियों में शामिल होंगे छात्र-छात्राओं के सुझाव

देहरादून। उत्तराखंड के विकास और शिक्षा व्यवस्था को लेकर अब छात्र-छात्राओं के सुझावों को सरकारी नीतियों में जगह दी जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में यह बात कही। इस दौरान उन्होंने ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ पोर्टल का शुभारंभ किया और ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड: एक विकसित राज्य हेतु मेरा दृष्टिकोण’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता की शुरुआत भी की।

कार्यक्रम में प्रदेशभर के 2,828 सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 11वीं और 12वीं के तीन लाख से अधिक छात्र-छात्राओं ने वर्चुअल माध्यम से हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री के साथ संवाद के दौरान खेलों को बढ़ावा देने, सप्ताह में चार दिन खेल पीरियड आयोजित करने, विद्यालयों में उपलब्ध अवसर बढ़ाने और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्तराखंड को अग्रणी बनाने जैसे सुझाव दिए।

इसके अलावा विद्यार्थियों ने राज्य में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने की जरूरत भी बताई। मुख्यमंत्री ने छात्रों के सुझावों को गंभीरता से लिया और अधिकारियों को इनके आधार पर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के उपयोगी सुझावों को सरकार की नीतियों में भी शामिल किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही आने वाले समय में उत्तराखंड और देश का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य को लेकर गंभीरता से आगे बढ़ने की अपील की। धामी ने कहा कि परीक्षा में केवल अच्छे अंक हासिल करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विषय की समझ, संस्कार और अनुशासन भी सफलता के लिए जरूरी हैं।

उन्होंने छात्रों को पढ़ाई को बोझ नहीं बल्कि भविष्य को बेहतर बनाने का माध्यम मानने की सलाह दी। साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल को लेकर भी सावधानी बरतने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि AI उपयोगी तकनीक है, लेकिन इसका जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल सोचने और सीखने की क्षमता को प्रभावित कर सकता है। विद्यार्थियों को पहले अपनी बुद्धि और विवेक का इस्तेमाल करना चाहिए और जरूरत पड़ने पर ही AI की मदद लेनी चाहिए।

निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 140 विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। चयनित छात्रों की NEET, JEE, CLAT और SAT जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग तथा अन्य आवश्यक शुल्क का खर्च राज्य सरकार उठाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.