उत्तराखंड की बेटी विदुषी निशंक को मिला पहला ‘दिल्ली गौरव सम्मान-2026’

नई दिल्ली/देहरादून। उत्तराखंड की बेटी और अधिवक्ता विदुषी निशंक को शिक्षा, न्याय, साहित्य और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रथम ‘दिल्ली गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह संस्कृति युवा संस्था और इंडियन ग्लोबल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में पहली बार आयोजित किया गया। कार्यक्रम नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय (PMML) के ऑडिटोरियम में हुआ।

समारोह में केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राजस्थान के पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भारत सरकार के पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ तथा संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा ने विदुषी निशंक को सम्मान प्रदान किया।

विदुषी निशंक पेशे से अधिवक्ता हैं और भारत के प्रथम ‘लेखक गांव’ (Writers’ Village) की निदेशक के रूप में भी कार्य कर रही हैं। शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका लंबे समय से रही है। अपनी दिवंगत माता की स्मृति में स्थापित ‘कुसुम कांता फाउंडेशन’ के माध्यम से वह शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं।

शैक्षणिक क्षेत्र में भी विदुषी निशंक की उपलब्धियां उल्लेखनीय हैं। वह विधि की स्वर्ण पदक विजेता हैं और यूनिवर्सिटी ऑफ कैम्ब्रिज से एलएलएम की पढ़ाई कर चुकी हैं। इसके अलावा वह यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड के लिए कॉमनवेल्थ स्कॉलर भी रही हैं। कानून, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी उनकी सक्रियता को महिला सशक्तिकरण और युवा नेतृत्व के प्रेरक उदाहरण के तौर पर देखा जा रहा है।

आयोजकों के अनुसार, ‘दिल्ली गौरव सम्मान-2026’ का उद्देश्य अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को पहचान और सम्मान देना है। समारोह में विदुषी निशंक के अलावा भारतीय शास्त्रीय नृत्यांगना शोवना नारायण, फिल्म एवं मीडिया क्षेत्र से जुड़े संदीप मारवाह, लेफ्टिनेंट कर्नल मनोज सिन्हा, स्वामी प्रेम अन्वेष जी महाराज और स्वाति गर्ग सहित देशभर की कई प्रतिष्ठित हस्तियों को भी सम्मानित किया गया।

सम्मान मिलने पर विदुषी निशंक की उपलब्धि को उत्तराखंड के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.