देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गांधी पार्क में आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश के गौरव, स्वाभिमान और एकता का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से राष्ट्रभक्ति की भावना को हमेशा जीवंत रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने घंटाघर पहुंचकर उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मुख्यमंत्री गांधी पार्क से घंटाघर तक हजारों लोगों के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र गौरव का उत्सव है। तिरंगा करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश के वीर जवानों ने तिरंगे की आन-बान-शान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। आज देशवासियों का दायित्व है कि भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के संकल्प को मजबूत करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के कण-कण में राष्ट्रभक्ति की भावना मौजूद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रहा है। मेक इन इंडिया, डिजिटल तकनीक और स्वदेशी क्षमताओं के विस्तार से देश की आर्थिक और तकनीकी ताकत मजबूत हो रही है।
उन्होंने कहा कि भारतीय सेना का मनोबल भी लगातार मजबूत हुआ है। सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों से भारत ने अपनी सामरिक क्षमता का परिचय दिया है। देश अब रक्षा क्षेत्र में निर्यातक के रूप में भी आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड को देवभूमि के साथ वीरभूमि बताते हुए कहा कि प्रदेश ने देश को बड़ी संख्या में वीर सैनिक दिए हैं। राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।