देहरादून। उत्तराखंड के 10 हजार बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए तकनीकी शिक्षा विभाग प्रदेशभर में विशेष रोजगार मेलों का आयोजन करेगा। अगले चार माह में गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में कुल चार रोजगार मेले लगाए जाएंगे। इनमें देशभर की विभिन्न बहुराष्ट्रीय और निजी कंपनियां युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी।
विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को अपने शासकीय आवास पर तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने विभागीय अधिकारियों को सभी लंबित कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ना है। सरकार के अनुसार, अब तक करीब 42 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है, जिसमें स्थायी, संविदा और आउटसोर्स कर्मचारी शामिल हैं।
डॉ. रावत ने बताया कि प्रस्तावित चार रोजगार मेलों में गढ़वाल मंडल के श्रीनगर और देहरादून तथा कुमाऊं मंडल के काशीपुर और अल्मोड़ा में मेले आयोजित किए जाएंगे। इनमें पॉलीटेक्निक, आईटीआई और राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों से पास आउट तथा अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। विद्यालयी शिक्षा के तहत व्यावसायिक पाठ्यक्रम पूरा करने वाले युवाओं को भी इन मेलों में भाग लेने का मौका दिया जाएगा।
इसके अलावा उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों और ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को भी निजी कंपनियों में रोजगार के लिए अवसर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए तकनीकी शिक्षा विभाग को एक सप्ताह के भीतर निःशुल्क ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
रोजगार मेलों को प्रभावी बनाने के लिए विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, सेवायोजन और कौशल विकास विभाग की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए जल्द ही उच्च स्तरीय संयुक्त बैठक आयोजित कर मेलों की तारीख और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।
विभागों में बनेगा मीडिया सेल
बैठक में डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय मुख्यालयों में मीडिया सेल गठित करने के निर्देश भी दिए। मीडिया सेल विभागीय वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को नियमित अपडेट करेगा। साथ ही सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों, विकास कार्यों और नवाचारों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाएगा। प्रत्येक मीडिया सेल में आईटी और तकनीकी रूप से दक्ष तीन कार्मिकों को जिम्मेदारी दी जाएगी।