देहरादून। स्वच्छ और सुंदर शहर के लिए प्रशासन के साथ आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से शनिवार को देहरादून के लक्ष्मण चौक और कांवली रोड क्षेत्र में विशेष स्वच्छता एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अभियान में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने भी हिस्सा लिया और मौके पर पहुंचकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
अभियान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला प्रशासन, नगर निगम, वेस्ट वॉरियर्स संस्था समेत विभिन्न संस्थाओं के अधिकारी-कर्मचारी, स्वयंसेवक और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। इस दौरान 100 से अधिक लोगों ने क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया। लोगों ने सड़क किनारे और आसपास के क्षेत्रों से कूड़ा एकत्र किया तथा स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अभियान के दौरान संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन या किसी विशेष अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए नियमित निगरानी और लगातार सफाई व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है।
डीएम ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान जिन स्थानों पर गंदगी या अन्य समस्याएं चिन्हित की गई हैं, वहां तत्काल उचित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही कूड़े के नियमित उठान और उसके वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर दोबारा कूड़ा न जमा हो, इसके लिए नियमित निगरानी की जाए। साथ ही लोगों को भी कूड़ा निर्धारित स्थानों पर डालने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया जाए।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से शहर को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहयोग की अपील की। प्रशासन का मानना है कि केवल सरकारी स्तर पर किए जाने वाले प्रयासों से शहर को पूरी तरह स्वच्छ नहीं बनाया जा सकता। इसके लिए आम नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय संगठनों की भागीदारी भी आवश्यक है।
इस अभियान के जरिए प्रशासन ने स्वच्छता को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने और शहर के प्रमुख क्षेत्रों में नियमित सफाई व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया।