1 सितंबर से शुरू होगा खेल महाकुंभ 2026, खिलाड़ियों के लिए बड़ा मौका

देहरादून। उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाला ‘खेल महाकुंभ 2026–मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी’ आगामी 1 सितंबर से शुरू होगा। न्याय पंचायत स्तर से लेकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं तक आयोजित होने वाले इस महाआयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। सभी जिलों में समितियों का गठन कर आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में वर्चुअल समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में खेल महाकुंभ की तैयारियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रतियोगिता के प्रत्येक चरण का आयोजन सुव्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से होना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।

बैठक में जानकारी दी गई कि प्रतियोगिताओं का पहला चरण 1 से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित होगा। इसके बाद 11 से 20 सितंबर तक विधानसभा स्तर और 21 से 30 सितंबर तक संसदीय क्षेत्र स्तर की प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। अंतिम चरण में 1 अक्टूबर से राज्य स्तरीय मुकाबले आयोजित होंगे। प्रतियोगिता में अंडर-14 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं भाग लेंगे।

जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि प्रत्येक स्तर पर विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र, पदक और नगद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए क्रमशः 300, 200 और 150 रुपये, विधानसभा स्तर पर 500, 400 और 300 रुपये तथा संसदीय क्षेत्र स्तर पर 800, 600 और 400 रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि खेल महाकुंभ के प्रति युवाओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2023-24 में 12,383 खिलाड़ियों ने भाग लिया था, जो 2024-25 में बढ़कर 34,570 और 2025-26 में 53,550 तक पहुंच गया। पिछले वर्ष देहरादून जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 146 स्वर्ण, 92 रजत और 80 कांस्य पदकों सहित कुल 318 पदक जीतकर पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.