देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को जन शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित और प्रभावी निस्तारण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि समस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और संबंधित लोगों को तय समयसीमा के भीतर राहत मिलनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों के साथ गढ़वाल आयुक्त और आईजी गढ़वाल को भी जन शिकायतों के निस्तारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है और शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस दौरान केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा और अब तक चारधाम यात्रा के सफल एवं सुरक्षित संचालन के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। विधायक ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी और बेहतर प्रबंधन के कारण श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिली है।
वहीं, विधायक भूपाल राम टम्टा ने भी प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से भेंट की। उन्होंने बुग्याल क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर स्थानीय हितों को प्राथमिकता देने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उत्तराखंड के बुग्याल केवल राज्य की प्राकृतिक सुंदरता का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक और आर्थिक विरासत भी हैं। इन क्षेत्रों से बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की आजीविका और पर्यटन गतिविधियां जुड़ी हुई हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय हितों के बीच संतुलन बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उनका उद्देश्य बुग्यालों की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए स्थानीय लोगों के रोजगार और आजीविका के अवसरों को भी मजबूत करना है।