देहरादून में आजादी का भव्य जश्न, परेड ग्राउंड में होगा सबसे बड़ा समारोह

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देहरादून में इस वर्ष भव्य और गरिमामय समारोह आयोजित करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। राष्ट्रीय पर्व को उत्साह, देशभक्ति और जनभागीदारी के साथ मनाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की विस्तृत रूपरेखा तय की गई और सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में तय किया गया कि 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ भावपूर्ण और गरिमामय तरीके से मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के शामिल होने की संभावना है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कार्यक्रम के लिए उपयुक्त स्थल चिन्हित करने और वर्ष 1947 के भारत विभाजन की त्रासदी झेल चुके लोगों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित करने के निर्देश दिए, ताकि नई पीढ़ी को उस ऐतिहासिक घटना से अवगत कराया जा सके।

15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह देहरादून के ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में आयोजित होगा। सुबह 9 बजे जनपद के सभी सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण किया जाएगा, जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सुबह 10 बजे परेड ग्राउंड में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसके बाद पुलिस बैंड की मधुर देशभक्ति धुनों के बीच राष्ट्रगान होगा। पुलिस, अर्धसैनिक बल, होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स और प्रांतीय रक्षक दल की टुकड़ियां भव्य परेड के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देंगी। समारोह के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंगने की भी विशेष तैयारी की गई है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 14 अगस्त की शाम 6 बजे से शहर के प्रमुख चौराहों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाए। इसके साथ ही सभी सरकारी भवनों और प्रमुख सार्वजनिक इमारतों को आकर्षक एलईडी रोशनी से सजाया जाएगा, ताकि देहरादून का वातावरण पूरी तरह राष्ट्रभक्ति और उत्सव के रंग में सराबोर नजर आए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.