कांवड़ यात्रा पर योगी सरकार की हाईटेक नजर, हर पल होगी मॉनिटरिंगf

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पवित्र कांवड़ यात्रा का शुभारंभ हो चुका है। लाखों शिवभक्तों की सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार ने इस बार सुरक्षा और निगरानी के व्यापक इंतजाम किए हैं। राज्य पुलिस मुख्यालय में एक अत्याधुनिक केंद्रीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से पूरे प्रदेश में चल रही कांवड़ यात्रा की 24 घंटे रियल टाइम निगरानी की जा रही है।

यह हाईटेक कंट्रोल रूम आधुनिक तकनीक से लैस है। सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और एआई आधारित निगरानी प्रणाली के जरिए कांवड़ मार्गों, प्रमुख शिवालयों, सिद्धपीठों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार नजर रखी जा रही है। यदि कहीं भी भीड़ का दबाव बढ़ता है, ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है या किसी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका होती है, तो कंट्रोल रूम से तत्काल संबंधित अधिकारियों को अलर्ट जारी किया जाएगा। इसके साथ ही कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक डायवर्जन की लगातार समीक्षा भी की जा रही है।

प्रदेश सरकार ने यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित और विवाद-मुक्त बनाने के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की है। ट्रैफिक पुलिस, सिविल पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) के हजारों जवान प्रमुख मार्गों पर तैनात किए गए हैं। अकेले मेरठ जोन में करीब 25 हजार पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं, जबकि 7 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरे एआई तकनीक के साथ निगरानी कर रहे हैं। कांवड़ियों के विश्राम शिविरों, चिकित्सा सुविधाओं, एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाओं पर भी केंद्रीय कंट्रोल रूम से सीधी नजर रखी जा रही है।

30 जुलाई से शुरू हुई कांवड़ यात्रा 11 अगस्त तक चलेगी। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सरकार ने कई विशेष कदम उठाए हैं। 30 जुलाई से प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। वहीं, मुजफ्फरनगर जिले में दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग और गंगा नहर रोड पर 4 से 12 अगस्त तक सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इसके अलावा कांवड़ मार्गों पर स्थित शराब और नॉन-वेज की दुकानों को भी यात्रा अवधि के दौरान बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave A Reply

Your email address will not be published.