मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री और निर्माता कीर्ति कुल्हारी साइबर अपराध का शिकार हो गई हैं। साइबर ठगों ने उनके मोबाइल फोन और क्रेडिट कार्ड तक अनधिकृत पहुंच हासिल कर कुछ ही मिनटों में 2,43,852 रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दे दिया। घटना की जानकारी मिलते ही अभिनेत्री ने तुरंत बैंक और पुलिस से संपर्क किया। उनकी शिकायत के आधार पर मुंबई की अंबोली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एफआईआर के अनुसार, कीर्ति कुल्हारी अंधेरी के वर्सोवा क्षेत्र में रहती हैं और अभिनय व फिल्म निर्माण के क्षेत्र में सक्रिय हैं। घटना उस समय हुई जब वह अंधेरी पश्चिम स्थित फन रिपब्लिक मॉल के पास एक सिनेपोलिस थिएटर में मौजूद थीं। इसी दौरान उनके मोबाइल पर बैंक की ओर से एक अलर्ट संदेश आया, जिसमें बताया गया कि उनके क्रेडिट कार्ड से एयरोमेक्सिको एयरलाइन के माध्यम से 2,525 अमेरिकी डॉलर का भुगतान किया गया है।
विदेशी लेनदेन का संदेश मिलते ही कीर्ति ने तुरंत बैंक के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया। बैंक की जांच में सामने आया कि उनके क्रेडिट कार्ड से बिना अनुमति के चार अलग-अलग बड़े ट्रांजैक्शन किए गए थे। इसके बाद बैंक ने सुरक्षा के मद्देनजर तत्काल उनका कार्ड ब्लॉक कर दिया, ताकि आगे किसी तरह की धोखाधड़ी न हो सके।
पुलिस को दिए बयान में अभिनेत्री ने स्पष्ट किया कि उन्होंने अपने क्रेडिट कार्ड का पासवर्ड कभी किसी के साथ साझा नहीं किया था। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी डिजिटल मालवेयर या स्पाईवेयर की मदद से उनके मोबाइल फोन और कार्ड की जानकारी हैक की गई होगी। हालांकि पुलिस अभी सभी तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है।
अंबोली पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साइबर सेल की टीम बैंक रेफरेंस नंबर, डिजिटल फुटप्रिंट्स और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के तकनीकी रिकॉर्ड के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। गौरतलब है कि कीर्ति कुल्हारी ‘पिंक’, ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’, ‘इंदु सरकार’, ‘मिशन मंगल’ और वेब सीरीज ‘क्रिमिनल जस्टिस’ जैसी चर्चित परियोजनाओं में अपने अभिनय के लिए जानी जाती हैं।