रुद्रपुर। भगवान शिव के पावन धाम कैलाश मानसरोवर यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के सातवें दल का मंगलवार को रुद्रपुर पहुंचने पर भव्य और श्रद्धापूर्ण स्वागत किया गया। स्थानीय आर्क होटल में आयोजित कार्यक्रम में शिवभक्त यात्रियों का स्वागत फूलों की वर्षा और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ किया गया।
कार्यक्रम में रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में श्री अमरनाथ जी सेवा मंडल के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कैलाश यात्रियों का अभिनंदन किया। महापौर ने सभी यात्रियों को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया और उनकी सुरक्षित, सफल एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि यह आध्यात्मिक जागरण, तपस्या, त्याग और अटूट श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतियों के बावजूद श्रद्धालुओं का विश्वास और भगवान शिव के प्रति उनकी आस्था सनातन संस्कृति की सबसे बड़ी ताकत है।
महापौर ने कहा कि रुद्रपुर की पवित्र धरती पर कैलाश यात्रियों का स्वागत करना शहर के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों की यह यात्रा भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और धार्मिक आस्था को मजबूत करने का कार्य करती है। उन्होंने सभी यात्रियों के अच्छे स्वास्थ्य, सुरक्षित यात्रा और सफल दर्शन के लिए भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की।
स्वागत समारोह के दौरान यात्रियों में भी उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने रुद्रपुरवासियों और सेवा मंडल के सदस्यों द्वारा किए गए स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में श्री अमरनाथ जी सेवा मंडल के अध्यक्ष अजय चड्ढा, संस्थापक सुनील ठुकराल, कैलाशी कमलेश पटेल, अजय हिंदुस्तानी, हंसराज गोयल, दिनेश गुप्ता, मनीष कुमार और संजय गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
कैलाश मानसरोवर यात्रा को देश की सबसे कठिन धार्मिक यात्राओं में शामिल किया जाता है। ऐसे में यात्रियों के प्रति सम्मान और सहयोग का यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकजुटता का भी संदेश देता है।