हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय के तत्वावधान में सोमवार को लोक भवन में एक दिवसीय विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य लोक भवन में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उनके परिजनों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना था। शिविर में विभिन्न सरकारी मेडिकल कॉलेजों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने स्वयं शिविर का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार प्रक्रिया, उपलब्ध जांच सुविधाओं और मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। साथ ही शिविर में पहुंचे अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों से बातचीत कर उनके अनुभव भी जाने तथा चिकित्सा व्यवस्था की सराहना की।
इस विशेष स्वास्थ्य शिविर में हेमवती नंदन बहुगुणा उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय से संबद्ध राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर, दून मेडिकल कॉलेज देहरादून और राजकीय मेडिकल कॉलेज हरिद्वार के कुल 18 विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। मेडिसिन, सर्जरी, नाक-कान-गला (ईएनटी), स्त्री एवं प्रसूति रोग, चर्म रोग, बाल रोग, दंत रोग, नेत्र रोग, हड्डी रोग तथा पैथोलॉजी सहित कई विभागों के विशेषज्ञों ने मरीजों का परीक्षण किया। शिविर में अत्याधुनिक एंडोस्कोपी मशीन, एक्स-रे, मैमोग्राफी और पैप स्मीयर जैसी जांच सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। शिविर के दौरान कुल 335 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श किया गया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही स्वस्थ और सफल जीवन की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि लोक भवन परिवार का बेहतर स्वास्थ्य उनकी प्राथमिकता है, क्योंकि स्वस्थ अधिकारी और कर्मचारी ही पूरी क्षमता और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकते हैं। उन्होंने शिविर में सेवाएं देने वाले चिकित्सकों और चिकित्सा कर्मियों के समर्पण की सराहना करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की।
राज्यपाल ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के नियमित स्वास्थ्य शिविर, निःशुल्क चिकित्सा परामर्श और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि समय रहते बीमारियों की पहचान हो सके और सभी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। कार्यक्रम में प्रथम महिला गुरमीत कौर, राज्यपाल सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी, विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. भानु दुग्गल तथा विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्य और विशेषज्ञ चिकित्सक भी उपस्थित रहे।