पूर्व सैनिकों संग ‘मन की बात’ सुनने पहुंचे सीएम धामी, कही बड़ी बात

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून के गांधी पार्क में पूर्व सैनिकों और शहीद सैनिकों के परिजनों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम देशवासियों को प्रेरित करने के साथ-साथ जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में रक्षा क्षेत्र में भारत की बढ़ती आत्मनिर्भरता, डीआरडीओ की उपलब्धियों, रक्षा उपकरणों के निर्यात, जल संरक्षण, हस्तशिल्पों के संवर्धन और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर देश का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और अधिक मजबूत करने वाला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत रक्षा, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार और आर्थिक विकास जैसे क्षेत्रों में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश आज वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है और सीमांत क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिससे आम नागरिकों के सपने साकार हो रहे हैं।

धामी ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का अभियान बन गया है। इसके माध्यम से देशभर की प्रेरणादायक कहानियां, नवाचार, सामाजिक पहल और जनहित के कार्यों को राष्ट्रीय मंच मिलता है, जिससे लोगों को नई सोच और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, दायित्वधारी सुभाष बड़थ्वाल, सचिव युगल किशोर पंत, मेजर जनरल सम्मी सभरवाल (सेवानिवृत्त) सहित पूर्व सैनिक, शहीद परिवारों के सदस्य और कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने प्रधानमंत्री के संदेश को देश के विकास और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.