उत्तरकाशी/कर्णप्रयाग। उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर चारधाम यात्रा मार्गों और पर्वतीय क्षेत्रों पर लगातार देखने को मिल रहा है। यमुनोत्री घाटी में सोमवार तड़के से जारी बारिश के कारण स्यानाचट्टी सहित कई स्थानों पर मलबा और पत्थर आने से यमुनोत्री हाईवे बंद हो गया। लगातार वर्षा के चलते सड़क खोलने का कार्य भी प्रभावित हो रहा है।
वहीं, कर्णप्रयाग-सिमली मार्ग पर भी भारी बोल्डर गिरने से यातायात बाधित हो गया। नारायणबगड़ के थरालीबगड़ बाजार में एक बार फिर मलबा घुसने से हाईवे अवरुद्ध हो गया, हालांकि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने सोमवार सुबह मलबा हटाकर मार्ग को बहाल कर दिया।
बारिश के साथ आए मलबे से कई दुकानों और सरकारी राशन गोदाम को नुकसान पहुंचा है। अस्पताल के सामने और जीत सिंह मार्केट क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। उधर, कर्णप्रयाग में रविवार रात से बिजली आपूर्ति भी बाधित है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।