169 लोगों ने उठाया मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर का लाभ, जानिए किसने की पहल

देहरादून। नीलम अग्रवाल मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट ने नीलम अग्रवाल की प्रथम पुण्यतिथि पर निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया। शिविर में 169 लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण कराए और विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श प्राप्त किया।

ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. सुनील अग्रवाल ने बताया कि कनिष्क सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित इस शिविर में ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, ईसीजी, लिवर फंक्शन टेस्ट, यूरिक एसिड, कैल्शियम और कोलेस्ट्रॉल सहित कई महत्वपूर्ण जांचें पूरी तरह निःशुल्क की गईं। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. दलजीत सिंह, डॉ. शैली गुप्ता और डॉ. रितु बडुनी ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया। उन्होंने बताया कि यह ट्रस्ट द्वारा इस वर्ष आयोजित चौथा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर है।

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के निस्वार्थ स्वास्थ्य शिविर समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। कैंट विधायक सविता कपूर, कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा तथा अन्य सामाजिक प्रतिनिधियों ने भी ट्रस्ट की पहल की प्रशंसा करते हुए इसे जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

शिविर के सफल आयोजन में ट्रस्ट के सदस्यों, स्वयंसेवकों और तकनीकी टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Leave A Reply

Your email address will not be published.