180 नेचर गाइडों को मिला रोजगार प्रमाण-पत्र, मुख्यमंत्री धामी ने कही बड़ी बात

उत्तराखंड सरकार ने स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने और ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास सभागार से वर्चुअल माध्यम के जरिए रामनगर स्थित तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फांटो जोन में आयोजित कार्यक्रम में 180 प्रशिक्षित महिला एवं पुरुष नेचर गाइडों को रोजगार पंजीकरण प्रमाण-पत्र वितरित किए।

मुख्यमंत्री ने सभी नेचर गाइडों को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रमाण-पत्र केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं की मेहनत, कौशल और प्रकृति संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नेचर गाइड केवल पर्यटकों को जंगलों और वन्यजीवों की जानकारी देने वाले मार्गदर्शक नहीं हैं, बल्कि उत्तराखंड की जैव विविधता, वन संपदा और वन्यजीवों के सच्चे प्रहरी भी हैं।

पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह सुखद बात है कि प्रमाण-पत्र प्राप्त करने वाले कई युवा रिवर्स पलायन कर अपने गांव लौटे हैं और अब अपने ही क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने इसे उत्तराखंड के गांवों में बढ़ते विश्वास, आत्मनिर्भरता और आर्थिक समृद्धि का सकारात्मक संकेत बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनगर का फांटो जोन आज ईको-टूरिज्म और समुदाय आधारित पर्यटन का सफल मॉडल बन चुका है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता, घने जंगल, समृद्ध जैव विविधता और वन्यजीव देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र टाइगर साइटिंग के लिए भी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है, जबकि यहां विकसित ट्री हाउस पर्यटकों को प्रकृति के बीच अनूठा अनुभव प्रदान कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रकृति संरक्षण के साथ स्थानीय समुदायों की आजीविका को भी मजबूत करना है। ईको-टूरिज्म के विस्तार से युवाओं, महिलाओं, होमस्टे संचालकों, वाहन चालकों, स्थानीय उत्पाद निर्माताओं और छोटे व्यापारियों को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे प्रयास उत्तराखंड को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.