अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा ने शनिवार को देहरादून में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान केंद्र और राज्य सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की आवाज को दबाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है, लेकिन इससे जनता के मुद्दे और सच्चाई नहीं दबाई जा सकती। उनके अनुसार सरकार राहुल गांधी के सवालों और जनता के बीच उनकी बढ़ती स्वीकार्यता से घबराई हुई है।
राजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में कुमारी शैलजा ने कहा कि देहरादून में आयोजित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन तमाम बाधाओं के बावजूद बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं की मौजूदगी ने यह साबित कर दिया कि युवा शिक्षा, रोजगार और पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर राहुल गांधी के साथ खड़े हैं। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं, छात्रों और आम नागरिकों का आभार भी व्यक्त किया।
कुमारी शैलजा ने उत्तराखंड में सामने आए भर्ती और पेपर लीक मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि इन घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भ्रष्टाचार पर रोक लगाने और युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है। उनके अनुसार युवाओं की उम्मीदों को लगातार निराश किया जा रहा है।
उन्होंने बदरीनाथ धाम के चढ़ावा प्रकरण का भी उल्लेख करते हुए कहा कि यह मामला केवल आर्थिक अनियमितता का नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय है। उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष जांच और जवाबदेही तय किए जाने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने राज्य में भू-माफिया के बढ़ते प्रभाव और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाए।
आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कुमारी शैलजा ने कहा कि कांग्रेस संगठन पूरी तरह तैयार है और जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी।