समुद्र में मिला लापता ट्रॉलर, 9 मछुआरों के शव बरामद; 6 की तलाश जारी

दक्षिण 24 परगना। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में समुद्र में लापता हुए मछली पकड़ने वाले ट्रॉलर ‘मा काली’ हादसे ने दुखद मोड़ ले लिया है। बकखाली तट के पास बरामद किए गए ट्रॉलर से रविवार देर रात चार और मछुआरों के शव मिलने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। हालांकि राहत और बचाव दल अब भी छह लापता मछुआरों की तलाश में लगातार अभियान चला रहे हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों, तटरक्षक बल और स्थानीय मछुआरों ने पूरी रात ट्रॉलर के भीतर और आसपास सघन तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों का अनुमान है कि हादसे के दौरान समुद्र में उठी ऊंची लहरों के कारण कुछ मछुआरे बह गए होंगे। पूरे घटनाक्रम की जानकारी राज्य सरकार को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है।

रविवार देर रात सुंदरबन विकास विभाग के राज्यमंत्री दीपंकर जाना भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने पाथरप्रतिमा के गोवर्धनपुर कोस्टल थाना क्षेत्र स्थित सीतारामपुर घाट पर राहत एवं बचाव कार्यों की पूरी रात निगरानी की। इस दौरान काकद्वीप महकमा प्रशासन, सुंदरबन पुलिस, वन विभाग, गोवर्धनपुर कोस्टल थाना और मछुआरा संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

जानकारी के अनुसार, ‘मा काली’ ट्रॉलर दो जुलाई को पूर्वी मिदनापुर के दीघा स्थित शंकरपुर बंदरगाह से मछली पकड़ने के लिए समुद्र में निकला था। पांच जुलाई के बाद ट्रॉलर का संपर्क अचानक टूट गया, जिसके बाद पुलिस, भारतीय तटरक्षक बल, नौसेना, वन विभाग और स्थानीय मछुआरा संगठनों ने संयुक्त रूप से बड़े स्तर पर खोज अभियान शुरू किया।

पिछले रविवार को दक्षिण 24 परगना के बकखाली तट से करीब 35 किलोमीटर दूर चुलकाठी जंगल के पास बाघेरचर इलाके में ट्रॉलर उलटी अवस्था में मिला था। इसके बाद संयुक्त अभियान के जरिए ट्रॉलर को सीतारामपुर घाट लाया गया, जहां तलाशी के दौरान एक-एक कर नौ मछुआरों के शव बरामद हुए। फिलहाल लापता छह मछुआरों की तलाश युद्धस्तर पर जारी है और प्रशासन को उम्मीद है कि जल्द ही उनके बारे में भी जानकारी मिल सकेगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.