उत्तराखंड में बारिश का कहर, 96 सड़कें बंद; मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने राज्य के पर्वतीय जिलों के लिए गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज से अति तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। वहीं, बारिश के चलते राज्यभर में 96 सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे कई इलाकों में आवाजाही प्रभावित हुई है।

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार सोमवार को पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं, मैदानी जिलों में भी कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। राजधानी देहरादून में सुबह बादलों और धूप के बीच आंख-मिचौली का दौर जारी रहा। मौसम विभाग ने दिन के दौरान एक-दो बार बारिश होने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

पिछले 24 घंटों के दौरान धारचूला में सबसे अधिक 114 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि मुनस्यारी में 31.5 मिमी वर्षा हुई। इसके अलावा कपकोट, जानकी चट्टी, भटवाड़ी, टियूनी और नैनीताल सहित कई इलाकों में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई।

हालांकि राहत की बात यह है कि केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) की रिपोर्ट के अनुसार गंगा, अलकनंदा, भागीरथी, यमुना, कोसी, रामगंगा, सरयू और गौला समेत राज्य की सभी प्रमुख नदियां फिलहाल सामान्य बहाव पर हैं। किसी भी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर नहीं पहुंचा है और प्रमुख बैराज भी सुरक्षित स्थिति में हैं।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार सोमवार सुबह तक राज्य के सभी 13 जिलों में कुल 96 सड़कें बंद हैं। इनमें तीन राष्ट्रीय राजमार्ग, एक राज्य राजमार्ग, 21 मुख्य जिला मार्ग और 63 ग्रामीण सड़कें शामिल हैं। सबसे अधिक 21 सड़कें चमोली जिले में प्रभावित हैं। प्रशासन का कहना है कि बंद मार्गों को जल्द से जल्द खोलने के लिए संबंधित विभाग युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं। लोगों से विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा सोच-समझकर करने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.