उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने विभिन्न प्रकोष्ठों के माध्यम से 10 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को चुनावी जिम्मेदारियां सौंपने की रणनीति बनाई है। इसके तहत बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
सोमवार को ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में भाजपा के प्रदेश और जिला स्तर के प्रकोष्ठ पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठ संगठन की महत्वपूर्ण ताकत हैं। ये समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषज्ञों और प्रबुद्ध लोगों को भाजपा से जोड़ने के साथ-साथ केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रत्येक प्रकोष्ठ को बूथ स्तर तक सक्रिय होकर संगठन को मजबूत बनाना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नए लोगों को पार्टी से जोड़ने, भाजपा की विचारधारा का विस्तार करने और सरकार की योजनाओं को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ अभी से चुनावी तैयारियों में जुट जाना चाहिए, ताकि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को मजबूत जनसमर्थन मिल सके।
बैठक में प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी कौस्तुभानंद जोशी ने बताया कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए प्रदेशभर में विभिन्न प्रकोष्ठों के जरिए 10 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा रहा है। इसके लिए चार चरणों में कार्यशालाएं और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्यशैली और चुनावी रणनीति का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य प्रत्येक बूथ तक मजबूत संगठन तैयार करना और हर वर्ग के लोगों के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाना है। बैठक में जिला अध्यक्ष मनोज पाल, जिला प्रभारी पुष्कर काला, सह प्रभारी भारत भूषण चुग, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रदेश और जिला पदाधिकारी, संयोजक एवं सह-संयोजक उपस्थित रहे।