ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां घरेलू विवाद के दौरान एक बेटे ने अपनी ही मां को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला का एम्स ऋषिकेश में इलाज चल रहा है, जबकि पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार को पशुलोक विस्थापित क्षेत्र के ए ब्लॉक, गली नंबर-3 में हुई। कोतवाली ऋषिकेश पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक ने अपनी मां पर गोली चला दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 32 वर्षीय सुमित गौड़ का किसी घरेलू बात को लेकर अपनी 63 वर्षीय मां उषा देवी गौड़ से विवाद हो गया। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्से में सुमित ने 12 बोर के तमंचे से फायर कर दिया। गोली उषा देवी के माथे पर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ीं।
घटना के बाद आरोपी सुमित अपनी घायल मां को तुरंत उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश लेकर पहुंचा। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इधर, सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। इस मामले में घायल महिला के बड़े बेटे अमित गौड़, निवासी माजरी ग्रांट, थाना डोईवाला, की शिकायत पर कोतवाली ऋषिकेश में आरोपी सुमित गौड़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार को कब्जे में लेने सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में दहशत और लोगों में भारी चर्चा का माहौल है।