रुद्रपुर नगर निगम सभागार में आयोजित एक सम्मान समारोह में भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठों के नवनियुक्त संयोजकों और सह-संयोजकों का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर विकास शर्मा ने सभी पदाधिकारियों को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक संगठन है, जिसकी सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में वंशवाद नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, योग्यता और संगठन के प्रति समर्पण के आधार पर जिम्मेदारियां सौंपी जाती हैं। यही कार्यसंस्कृति पार्टी को अन्य राजनीतिक दलों से अलग पहचान दिलाती है।
महापौर ने नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि वे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती तभी संभव है, जब कार्यकर्ता जनता के बीच लगातार सक्रिय रहकर उनकी समस्याओं को समझें और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएं।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश लगातार प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता और संगठन की मजबूती के दम पर आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
कार्यक्रम के दौरान विधि, सहकारिता, सांस्कृतिक, व्यावसायिक, पूर्व सैनिक, शिक्षक, धर्म-संस्कृति, आर्थिक, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी), आपदा प्रबंधन, व्यापार, निकाय, लघु उद्योग, दिव्यांगजन, खेलकूद, सेवानिवृत्त कर्मचारी और पर्यटन प्रकोष्ठ के नवनियुक्त संयोजकों एवं सह-संयोजकों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला मंत्री प्रमोद मित्तल, मीडिया संयोजक विजय तोमर, मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।