टोरंटो। फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में पुर्तगाल ने रोमांच से भरपूर मुकाबले में क्रोएशिया को 2-1 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल (अंतिम-16) में जगह बना ली। मैच में स्टार फुटबॉलर Cristiano Ronaldo ने ऐतिहासिक गोल दागा, जबकि अतिरिक्त समय में Gonçalo Ramos के शानदार हेडर ने पुर्तगाल को जीत दिला दी। मुकाबले के अंतिम क्षणों में वीएआर के फैसले ने भी मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
पहले हाफ में दोनों टीमें गोल करने में सफल नहीं हो सकीं। दूसरे हाफ के 53वें मिनट में क्रोएशिया ने बढ़त हासिल की। अनुभवी विंगर Ivan Perišić ने शानदार फिनिश के साथ गोल करते हुए अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। इसके बाद रोनाल्डो ने गेंद को नेट में पहुंचाया, लेकिन ऑफसाइड होने के कारण गोल मान्य नहीं हुआ।
69वें मिनट में पुर्तगाल को बड़ा मौका मिला, जब बॉक्स के अंदर रेनाटो वेइगा को फाउल किए जाने पर रेफरी ने वीएआर समीक्षा के बाद पेनाल्टी दे दी। रोनाल्डो ने दबाव के बीच शानदार स्पॉट किक लगाते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। यह विश्व कप के नॉकआउट चरण में उनका पहला गोल भी बन गया।
बराबरी के बाद दोनों टीमों ने लगातार आक्रामक खेल दिखाया। क्रोएशिया ने कई अच्छे मौके बनाए, लेकिन पुर्तगाल के गोलकीपर Diogo Costa ने शानदार बचाव कर टीम को मुकाबले में बनाए रखा।
निर्धारित समय समाप्त होने के बाद अतिरिक्त समय में पुर्तगाल ने निर्णायक हमला किया। राफेल लियाओ के सटीक क्रॉस पर गोंकालो रामोस ने शानदार हेडर लगाकर टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी।
मैच के आखिरी पलों में Joško Gvardiol ने क्रोएशिया के लिए बराबरी का गोल कर दिया, लेकिन वीएआर जांच में उन्हें ऑफसाइड पाया गया। इसके बाद गोल रद्द कर दिया गया और पुर्तगाल ने रोमांचक जीत दर्ज कर अंतिम-16 में अपनी जगह पक्की कर ली।
अब पुर्तगाल का अगला मुकाबला 7 जुलाई को डलास में स्पेन के खिलाफ होगा, जहां दोनों दिग्गज टीमें क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए आमने-सामने होंगी।