अक्षय कुमार संग मंच साझा कर भावुक हुईं अक्षरा सिंह, कही दिल छू लेने वाली बात

मुंबई। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार के साथ मंच साझा करने के बाद अपनी खुशी सोशल मीडिया पर जाहिर की है। उन्होंने इस खास पल को अपने करियर का यादगार अनुभव बताते हुए कहा कि कभी वह दर्शक बनकर अक्षय कुमार के लिए तालियां बजाती थीं, लेकिन आज उनके साथ मंच पर खड़े होने का मौका मिलना किसी सपने के सच होने जैसा है।

हाल ही में मुरादाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में अक्षरा सिंह और अक्षय कुमार एक साथ मंच पर नजर आए। कार्यक्रम की कई तस्वीरें साझा करते हुए अक्षरा ने भावुक पोस्ट लिखा। उन्होंने कहा कि यह पल उनके लिए बेहद खास है और इसे वह जिंदगी भर नहीं भूल पाएंगी। अभिनेत्री ने इस उपलब्धि के लिए अपने परिवार, प्रशंसकों और शुभचिंतकों का आभार जताते हुए कहा कि उनके प्यार और विश्वास ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।

अक्षरा सिंह ने अपने पोस्ट में अक्षय कुमार की सादगी और विनम्रता की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा कि पूरी दुनिया अक्षय कुमार के स्टारडम और शानदार करियर को जानती है, लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा उनकी इंसानियत और सहज व्यवहार ने प्रभावित किया। उनके मुताबिक, अक्षय कुमार जितने बड़े स्टार हैं, उतने ही सरल और प्रेरणादायक इंसान भी हैं।

इस बीच दोनों कलाकार जल्द ही फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में एक साथ नजर आने वाले हैं। फिल्म के गाने ‘घिस घिस घिस’ में अक्षरा सिंह और अक्षय कुमार की जोड़ी पहली बार स्क्रीन शेयर करती दिखाई देगी। इस गाने और फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्साह है।

‘वेलकम टू द जंगल’ लोकप्रिय वेलकम फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है। इसमें अक्षय कुमार के अलावा सुनील शेट्टी, परेश रावल, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, अरशद वारसी, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, आफताब शिवदासानी, जैकी श्रॉफ, रवीना टंडन, लारा दत्ता, जैकलीन फर्नांडिस, दिशा पाटनी और उर्वशी रौतेला सहित कई बड़े कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ऐसे में फिल्म को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.