लखनऊ के कोल्ड स्टोरेज में 6 घंटे बाद फिर भड़की आग, आखिर क्यों नहीं बुझ रहीं लपटें?

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में रविवार सुबह लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। आग इतनी भयावह थी कि उसका घना धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देता रहा। हालात पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की 15 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और दो हाइड्रोलिक मशीनें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं।

जानकारी के अनुसार, लखनऊ-अयोध्या हाईवे के किनारे स्थित करीब 35 वर्ष पुराने हिमालयन कोल्ड स्टोरेज में सुबह लगभग 6:30 बजे आग लगी। शुरुआती घंटों में आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया था, लेकिन करीब छह घंटे बाद आग दोबारा भड़क उठी। इससे राहत अभियान और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन पास की दयाल रेजीडेंसी कॉलोनी के लगभग 50 घरों को खाली करा दिया। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।

बताया गया कि कोल्ड स्टोरेज में हल्दी, मिर्च, मसाले और अन्य किराना सामान बड़ी मात्रा में रखा गया था। इसके अलावा परिसर में लकड़ी और बुरादा भी मौजूद था। अधिकारियों के अनुसार, इन्हीं ज्वलनशील सामग्रियों के कारण आग बार-बार सुलग रही थी, जिससे उसे पूरी तरह बुझाने में काफी समय लग रहा है।

राहत कार्य के दौरान दमकल कर्मियों को सबसे बड़ी परेशानी मिर्च और मसालों से निकलने वाले तीखे धुएं से हुई। धुएं के कारण कई फायरकर्मियों को खांसी और सांस लेने में दिक्कत हुई। शुरुआती प्रयासों में जब टीम अंदर पहुंची तो मिर्च के तेज धुएं के कारण उन्हें बाहर लौटना पड़ा। इसके बाद हाइड्रोलिक मशीनों और टिन शेड के ऊपर से पानी की बौछार कर आग बुझाने का अभियान जारी रखा गया।

फिलहाल लगातार कूलिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। आग लगने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। प्रशासन का कहना है कि प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद ही आग की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.