देहरादून में दर्दनाक हादसा: अचानक बेकाबू हुई सिटी बस ने छह मजदूरों को रौंदा, जानिए वजह

 देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र स्थित लालपुल के समीप मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। अनियंत्रित हुई एक सिटी बस ने सड़क किनारे पैदल जा रहे छह मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक मजदूर ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि पांच अन्य मजदूर अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि बस की टक्कर लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल मजदूर सड़क पर खून से लथपथ पड़े मदद के लिए तड़पते रहे और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस चालक को वाहन चलाते समय अचानक मिर्गी का दौरा अथवा हृदयाघात जैसी स्वास्थ्य संबंधी समस्या हुई, जिससे वह बस पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर मजदूरों को रौंदते हुए आगे बढ़ गई।

हादसे के बाद का दृश्य बेहद मार्मिक था। घायल मजदूरों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए शुरुआती समय में कोई वाहन चालक आगे नहीं आया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंची पुलिस ने गुजर रहे वाहनों को रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन एंबुलेंस के समय पर नहीं पहुंचने से राहत कार्य प्रभावित हुआ।

ऐसे में स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को ऑटो और ई-रिक्शा की मदद से नजदीकी अस्पतालों तक पहुंचाया। उनकी तत्परता से घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस चालक की चिकित्सीय स्थिति सहित हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.