श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर सीएम धामी का भावुक संदेश, कही बड़ी बात

 देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी विचारक और शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण किया। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के मूल्यों के प्रति समर्पित रहा। उन्होंने देशहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राष्ट्रीय एकीकरण के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया, जिसे देश हमेशा याद रखेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने अपने विचारों, संघर्ष और राष्ट्रसेवा के माध्यम से भारतीय राजनीति और समाज को नई दिशा प्रदान की। उनका जीवन त्याग, समर्पण और देशभक्ति का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने जिस संकल्प और दृढ़ता के साथ राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए कार्य किया, वह आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।

पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्श और विचार भावी पीढ़ियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए डॉ. मुखर्जी द्वारा किए गए प्रयास भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हैं।

मुख्यमंत्री ने उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान को नमन करते हुए कहा कि समाज और राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से डॉ. मुखर्जी के आदर्शों को आत्मसात करने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान भी किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.