देहरादून/नई दिल्ली। उत्तराखंड के पर्यटन एवं लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने रविवार को नई दिल्ली स्थित रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के युवाओं के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाते हुए उत्तराखंड में कोस्ट गार्ड, नौसेना, वायुसेना और थल सेना की अधिक से अधिक भर्ती रैलियां आयोजित करने का आग्रह किया।
सतपाल महाराज ने रक्षा मंत्री को बताया कि उत्तराखंड की पहचान लंबे समय से देश को वीर सैनिक देने वाले राज्य के रूप में रही है। प्रदेश के लगभग हर परिवार का कोई न कोई सदस्य सेना या अर्द्धसैनिक बलों से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य अब शत-प्रतिशत साक्षरता की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कर चुका है और यहां के युवाओं में शारीरिक क्षमता, अनुशासन और देशसेवा की भावना प्रचुर मात्रा में मौजूद है।
महाराज ने कहा कि जब वह संसद में रक्षा मामलों की स्थायी समिति के अध्यक्ष थे, तब उनके प्रयासों से उत्तराखंड में कई बार सेना भर्ती रैलियों का आयोजन किया गया था, जिससे बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के अवसर मिले थे। उन्होंने रक्षा मंत्री से अनुरोध किया कि वर्तमान समय में भी राज्य के विभिन्न जिलों में नियमित रूप से भर्ती रैलियों का आयोजन कराया जाए, ताकि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें और वे देश की सेवा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
उन्होंने विशेष रूप से कोस्ट गार्ड, भारतीय नौसेना, भारतीय वायुसेना और थल सेना की भर्ती प्रक्रियाओं को उत्तराखंड में अधिक सक्रिय बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उनका कहना था कि इससे न केवल युवाओं के सपनों को नई उड़ान मिलेगी, बल्कि राज्य में रोजगार सृजन को भी बढ़ावा मिलेगा।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ हुई यह मुलाकात उत्तराखंड के युवाओं के लिए संभावित अवसरों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब प्रदेश के युवाओं की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि रक्षा मंत्रालय इस संबंध में क्या कदम उठाता है और भर्ती रैलियों के आयोजन को लेकर क्या निर्णय लिया जाता है।